MS धोनी की तरह आप भी कर सकते हैं सबसे महंगे अंडे का बिजनेस, जानिए कैसे

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने हेलीकॉप्टर शॉट के साथ साथ अपने फैसलों के लिए भी जाने जाते हैं जिनसे लोग हैरान रह जाते हैं। एक बार फिर उन्होंने ऐसा ही एक फैसला लिया है। धोनी कड़कनाथ मुर्गी फार्मिंग शुरू करने जा रहे हैं और इसके लिए उन्होंने 2 हज़ार चूज़ों का ऑर्डर भी दे दिया है। कड़कनाथ मुर्गे का मीट भी महंगा बिकता है और देश का सबसे महंगा अंडा भी कड़कनाथ का ही है।

माहिरों का कहना है कि कड़कनाथ मुर्गी का अंडा आम अंडे के मुकाबले ज़्यादा हैल्दी होता है। इस मुर्गी के मीट में भी कई तरह के औषधीय गुण होते हैं। कम फैट होने के कारण ये दिल और डायबिटीज के मरीज़ों के लिए बहुत ही फायदेमंद माना जाता है। जिसके चलते देखते ही देखते देशभर में कड़कनाथ की डिमांड बढ़ गई है।

कड़कनाथ की अंडा देने वाली एक मुर्गी की इस समय मार्किट में कीमत करीब 3 से 4 हज़ार रुपये है। वहीँ अगर आप मुर्गी का चूजा लाकर पालते हैं तो वो 6 से 7 महीने बाद अंडा देने के लायक होता है। एक चूज़े की कीमत 400 से 500 रुपये होती है। इस समय बाज़ार में कड़कनाथ की जबरदस्त डिमांड है लेकिन सप्लाई कम होने के चलते इसके अंडे और मीट की कोई तय कीमत नहीं है।

ऐसे में कड़कनाथ पालन शुरू करने के लिए ये समय आपके लिए सबसे बढ़िया है। ये काम शुरू करने के लिए अगर आप 100 चिकन रख रहे हैं तो आपको 150 वर्ग फीट की जगह की जरुरत होगी। मुर्गे का फॉर्म गांव या शहर से बाहर मेन रोड से दूर हो, पानी और बिजली की बढ़िया व्‍यवस्‍था होनी चाहिए।

ये ध्यान रखें कि एक शेड में हमेशा एक ही ब्रीड के चूजे रखने चाहिए। फॉर्म में हवा और पर्याप्‍त रोशनी हो। कड़कनाथ मुर्गे का पोल्‍ट्री फॉर्म खोलने के लिए आपको इंटरनेट पर कई ऐसे पोल्‍ट्री फॉर्म मिल जाएंगे जो काले मुर्गे के चूजे और अण्‍डे बेचते हैं। अगर आप बड़े स्‍तर पर इस मुर्गे का बिजनेस करना चाहते हैं तो आपको ऐसे पोल्‍ट्री फॉर्म में जा कर जानकारी लेनी चाहिए जो पहले से इनका बिजनेस कर रहे हों।